हे मन! राधा रानी के चरणों का सुमिरन कर
व्याख्या - मन करु सुमिरन, राधे रानी के चरण (ब्रज रस माधुरी, भाग 1, पृष्ठ सं. 95, संकीर्तन सं. 63)
श्री महाराज जी का अंतिम प्रवचन, भक्ति भवन, आँवला नवमी के दिन, 2013
एक तत्ववेत्ता अपने मन से कहता है, "अरे मन, राधा रानी के चरणारविंदों का स्मरण कर।" बोलना रसना का काम है। सुनना कान का काम है। देखना आँख का काम है। सूँघना नासिका का काम है। स्पर्श करना त्वचा का काम है। और स्मरण करना - यह मन का काम है।
लेकिन यहाँ पर श्री महाराज जी मन से श्रवण करने की बात कर रहे हैं - कान से नहीं। वैसे तो प्रत्येक इंद्रिय का अपना अलग कार्य होता है, इसलिए एक इंद्रिय दूसरी इंद्रिय का कार्य नहीं कर सकती। चाहे कितना ही बड़ा यंत्र बनवा लो, आँख या नासिका से सुनाई नहीं देगा।
लेकिन ऐसा नहीं है - मन ऐसी इंद्रिय है जो सब इंद्रियों के काम करता है। सब इंद्रियाँ मन में अंतर्निहित हैं।
जब आप सपना देखते हैं, तब आपकी इंद्रियाँ तो बिस्तर पर ही रहती हैं। उस समय किसी इन्द्रिय का कोई काम नहीं होता। अगर मन में इंद्रियाँ नहीं होतीं, तो मन केवल सोचता। लेकिन ऐसा नहीं है - स्वप्नावस्था में आपका मन देखता, सुनता, सूँघता और सब इंद्रियों के विषयों को वैसे ही ग्रहण करता है, जैसे जाग्रत अवस्था में करता है। स्वप्नावस्था में आपको भान नहीं रहता कि आप सपना देख रहे हैं। घर में चोरी भी हो जाए तो भी आपको पता नहीं चलता। उस समय इस संसार के बहिरंग रूप के आप अपरिचित रहते हैं।
ये कैसे होता है? इंद्रियाँ तो सब बेहोश पड़ी हैं।
संसार में सब कहते हैं, "मैंने आँखों से देखा, कानों से सुना।" लेकिन अगर किसी का मन और कहीं पर है, तो कान से सुना हुआ भी अनसुना हो जाता है, देखा हुआ भी अनदेखा हो जाता है। उदाहरण के लिए, कुछ समय पहले रथयात्रा निकल रही थी, जिसमें बड़े गाजे-बाजे के साथ लाखों लोग जा रहे थे। रामकृष्ण परमहंस भी जा रहे थे, लेकिन उन्हें पहुँचने में देर हो गई थी। तो उन्होंने एक कारीगर से पूछा, जो एक बारीक चित्र बना रहा था, "क्या इधर से कोई जुलूस गया है?" पर उसने कहा, "नहीं तो।" पास के दुकानदार ने उसे कहा, "ये झूठ बोल रहा है। रामकृष्ण परमहंस वहीं बैठ गए। उन्होंने समाधि में जाकर देखा कि कारीगर सच कह रहा था, क्योंकि वह अपने काम में इतनी तल्लीन था कि उसे बाहर की कोई बात दिखाई या सुनाई ही नहीं दी।
आप भी यह रोज़ अनुभव करते हैं। अगर दाल में नमक दो दिन लगातार अधिक हो जाए तो पति अपनी पत्नी से कहता है, "आजकल तुम्हारा मन कहाँ रहता है?"
यानी, जाग्रत अवस्था में भी अगर मन कहीं और रहता है, तो इन्द्रियाँ अपना काम नहीं करतीं। लेकिन मन बिना इन्द्रियों के अपना काम कर सकता है।
इसलिए श्री महाराज जी कह रहे हैं, "ऐ मन सुन, राधा रानी का स्मरण कर।"
पर मन ने सुनकर भी अनसुना कर दिया। वह बाल-बच्चों की देखभाल और अन्य सांसारिक कामों में व्यस्त है; राधा रानी का स्मरण नहीं करना चाहता।
कोई भी कर्म मन के बिना नहीं हो सकता। इन्द्रियेभ्य: परं मन: - सब इन्द्रियों का गवर्नर मन है।
मनसैव कृतं कार्यं राम न शरीरकृतं कृतम् -
सबसे बड़ा सिद्धांत यह है कि भगवान् के एरिया में मन के कर्म को ही कर्म माना जाता है।
इसको समझ लीजिए। केवल शरीर का किया हुआ कर्म, कर्म नहीं कहलाता। उसका बंधन भी नहीं होता। मन का कर्म ही वास्तविक कर्म है।
मन का कर्म बाहर दिखाई नहीं पड़ता है, जबकि शरीर का कर्म दिखाई पड़ता है। इसलिए संसार वाले शरीर के कर्म को ही कर्म मानते हैं; मन के कर्म को जानते नहीं, तो मानेंगे क्या? वे इंद्रियों की क्रिया को वास्तविक कर्म मानकर धोखा खाते हैं। उदाहरण के लिए, अगर कोई किसी को अंदर से दुश्मन माने और उसको अपना घर बुलाए। और बाहर से वह कहता है "आइए, आइए! आप तो कभी आते ही नहीं।" दुनिया भर की एक्टिंग करता है और उसे जहर मिलाया हुआ दूध पिला देता है। उस दूध को पीकर वह व्यक्ति मर जाता है। अगर वह उसके मन की बात को जानता, तो दूध नहीं पीता।
बड़े-बड़े महापुरुष और स्वयं भगवान भी कर्म करते हुए दिखाई पड़ते हैं। लेकिन वे फल नहीं भोगते। अर्जुन ने गीता के प्रारंभ में भगवान् से यही प्रश्न किया कि "अगर मैं सबको मारूँगा तो मुझे पाप लगेगा और नरक मिलेगा।" भगवान् ने उसे कई बार समझाया -
तस्मात्सर्वेषु कालेषु मामनुस्मर युध्य च।
निरंतर मेरा स्मरण कर और युद्ध कर। यानी अगर मन युद्ध में अटैच्ड नहीं है - राग-द्वेष रहित है - तो वो भगवान् के पास है। फिर कर्म का फल नहीं मिलेगा क्योंकि वो कर्म ही नहीं है। वो केवल एक्टिंग है।
पहली अप्रैल को लोग एक-दूसरे के साथ मजाक और परिहास करते हैं। इसी तरह दोस्तों और रिश्तेदारों में भी गाली-गलौज और मज़ाक होता रहता है, लेकिन कोई बुरा नहीं मानता, क्योंकि सब जानते हैं कि इसमें मन की बुरी मंशा नहीं है। मन युक्त है, लेकिन अटैच्ड नहीं है। युक्त होना अलग बात है और अटैच्ड होना अलग बात है। अच्छी या बुरी मंशा से युक्त जो कर्म होता है, उसी को कर्म कहते हैं।
इसलिए भगवान् कहते हैं, "तुम चाहे मुँह से कीर्तन न करो, राधा रानी के मंदिर में भी न जाओ, क्योंकि हमारी गवर्नमेंट में तो कर्म मन का ही माना जाता है।" अगर ऐसा न होता, तो जन्म से अंधा, बहरा या लंगड़ा व्यक्ति - यानी जिसकी इंद्रियाँ कार्य नहीं करतीं - वह कहता कि हमें तो भगवत्प्राप्ति फ्री में ही कराई जाए।
भगवान का कानून और संतों के उपदेश सबमें केवल मन को ही कर्म करने के लिए समझाया गया है, चाहे वो भक्ति, ज्ञान या वैराग्य हो।
हमें दो ही काम करने हैं -
- संसार से उदासीन हो जाओ - यह मन का काम है। बाहर से उदासीन होकर भीतर में गड़बड़ सोचोगे तो वह पाखंड कहलाएगा।
- भगवान में लगा दो - यह भी मन ही करेगा।
बस। सारा उपदेश समाप्त। पूरी गीता, वेद, पुराण पढ़ो - यहीं पर आकर खड़े हो जाओगे।
सबसे बड़ा अपराध मर्डर होता है जिसके लिए सबसे बड़ी सज़ा मिलती है। लेकिन अर्जुन ने युद्ध में खुलेआम अनेक लोगों को मारा। लेकिन भगवान् ने अपने रजिस्टर में भी एक भी मर्डर नहीं लिखा, क्योंकि उसका मन भगवान् का स्मरण कर रहा था, न कि हत्या के भाव में।
सोचने में तो बड़ा कठिन लगता है - हाँ कठिन तो है, लेकिन असंभव नहीं।
मनुष्य साइकिल, कार, मोटरसाइकिल और यहाँ तक कि हेलीकॉप्टर या हवाई जहाज भी चला लेते हैं। हेलीकॉप्टर में कई पुर्जे होते हैं। वह बड़ी तेजी से बटन दबाता है, टाइप करता है, पैर, हाथ, आंख, सब एक साथ काम करते हैं - यह सब अभ्यास से होता है।
कितनी ऊँचाई पर एक रस्सी बाँधकर एक बांस लेकर सर्कस वाला कैसे चलता है? उसने बड़ा अभ्यास किया है। साइकिल चलाते समय आपके पैर भी चलते हैं और हाथ भी हैंडल को संभालते हैं। आपको यह भी याद है कि कहाँ जाना है। आगे-पीछे आने वाली कार का भी ध्यान है, हॉर्न भी सुनते हैं। इतनी भीड़ में साइकिल से या चलकर आप सही-सलामत आ गए। ये कैसे हुआ? अभ्यास से।
तो ऐसे ही भगवान् ने अर्जुन से कहा -
अभ्यासेन तु कौन्तेय वैराग्येण च गृह्यते।
अभ्यास से योगी लोग बड़े-बड़े काम करते हैं - इसी मन से अभ्यास के द्वारा बड़ी-बड़ी सिद्धियाँ भी प्राप्त करते हैं। उनका मन कहीं बाहर से नहीं आता। उनके पास भी एक समय यही चंचल गंदा मन था जो अब हम लोगों के पास है। और वो एक दिन तुलसीदास, सूरदास, मीरा, शंकराचार्य, निम्बार्काचार्य आदि संत बन गए।
तो अभ्यास से सब कुछ हो सकता है; आप लोगों ने भी बहुत अभ्यास किया है जो यहाँ आकर बैठे हैं, वरना किसी के पास एक सेकंड का भी फालतू समय नहीं है। बहुत से लोग भगवान, परलोक, पाप-पुण्य को बकवास मानते हैं और वही गलती बार-बार दोहराते हैं, पर इने-गिने लोग, जो शास्त्र और वेद को मानते हैं और अपना विश्वास बढ़ाते हैं, वही अगले जन्म में और अधिक अभ्यास करके यहाँ बैठने के योग्य बनते हैं।
केवल मन से किए गए स्मरण को ही भक्ति, उपासना आदि शब्दों से पुकारा जाता है। लेकिन आज लोग इसे नहीं समझ पाए हैं। वे पाठ, पूजा, जप, और चारों धाम की यात्रा जैसी इंद्रियों की क्रियाओं को ही उपासना मानते हैं, जबकि वास्तविक उपासना तो राधा रानी का मन से स्मरण करने में है। इसलिए मन से ही कहा जा रहा है राधा रानी का स्मरण कर।
मन से स्मरण ही भक्ति है। साथ में इन्द्रियाँ भी रहें ठीक है, न रहें तो भी ठीक है। केवल मन से प्यार कर ले, भगवत्प्राप्ति हो जाएगी, चाहे कोई गूँगा हो, अँधा हो, बहरा हो, कोई हो। इसलिए हमको भी इसका अभ्यास करना चाहिए, लेकिन हम ऐसा नहीं करते। वही मन भूल जाता है। कीर्तन करते हैं। ठीक है। नथिंग से समथिंग अच्छा होता है। गधा-गधा कहने से राधे-राधे कहा, तो थोड़ी भावना तो बनती है। लेकिन ये लापरवाही है। जब टाइम दे ही रहे हैं, तो ढंग से करें - जल्दी आगे बढ़ें।
इतना अभ्यास कर लें कि हमको फीलिंग में आए कि "हाँ, अब हम आगे बढ़ गए।" उदाहरण के लिए अब किसी के अपमान पर दुख कम होता है। ये दोष हमें भगवान से दूर रखते हैं। लोग जानते हैं कि हमने एक जन्म में नहीं, बल्कि अनंत पाप किए हैं - इसे संचित कर्म कहते हैं। फिर भी सबमें अहंकार रहता है कि "उसने मेरा अपमान कर दिया।" लेकिन अपमान क्या है? यह तो मिट्टी के शरीर का अपमान है, आत्मा का नहीं। अपमान या सम्मान, दोनों समान हैं। यह शरीर जन्म लेता है, बड़ा होता है, कुछ वर्षों तक जीवन बिताता है और फिर मर जाता है। फिर वह किसी काम का नहीं रहता। पशुओं का शरीर तो कम से कम चमड़ा देने योग्य होता है। इसलिए अपमान या सम्मान केवल मन का विकार है।
इसलिए श्री महाराज जी बार-बार मन से रूपध्यान करने की बात कह रहे हैं - उस पर ध्यान देकर अभ्यास करना चाहिए। पहले एकदम से रूप नहीं बनेगा। लेकिन बार-बार, बार-बार पीछे पड़ जाओ तो फिर रूपध्यान होने लगेगा। फिर आनंद का अनुभव होने लगेगा। फिर संसार में जहाँ भी पहले आनंद मिल रहा था, वो सब तुच्छ लगेगा। और चलते-फिरते, उठते-बैठते स्मरण होने लगेगा। ये केवल अभ्यास से होता है।
जैसे संसारी अटैचमेंट, संसारी दुश्मनी जब बहुत बढ़ जाती है तो वो चलते-फिरते, उठते-बैठते हर समय खोपड़ी में नाचती है। ऐसे ही राधा रानी भी, ठाकुर जी भी नाचेंगे। वे तो आनंद सिंधु हैं। जब ये कूड़ा-कबाड़ा संसार खोपड़ी में भर जाता है तो नहीं निकलता, तो अगर उनकी एक झलक भी मिलेगी तो आनंद ही आनंद मिलेगा।
इसलिए परवाह करना चाहिए। चाहे आप दो घंटे बैठकर अभ्यास करें, तो अगले दो घंटों में आपको विशेष फीलिंग होगी। जब अभ्यास का फल मिलने लगेगा, आप ऐसे ही और अभ्यास करते जाएँगे।
इसलिए तत्ववेत्ता, श्री महाराज जी, कह रहे हैं, "अरे मन! तू राधा रानी का स्मरण कर।"
Recommended books by Jagadguru Shri Kripalu Ji Maharaj related to this topic: